सर्वाधिकार सुरक्षित

MyFreeCopyright.com Registered & Protected

Click here for Myspace Layouts

Thursday, July 26, 2012

सूखा मधुबन

आंखों के मथुरा-वृन्‍दावन
उग आए हैं बूढ़े बबूल ।
चुक गया दूध-दही-माखन,
री‍ती मटकी है, चुन ग्‍वालिन,
तलाशते संशयों के कंस-
यशोदा का घर-द्वार आँगन ।
न जाने कहाँ मुरली-मोहन,
उदास है कि यमुना का कूल।
शंकित हैं मित्रता निर्धन की,
स्‍याह हुई सुधियां बचपन की,
ठगा-ठगा सा खड़ा सुदामा,
ख्डि़की तक न खुलती सदन की ।
संकुचित मन हो गया उपवन,
सूख गए सन्‍दर्भों के फूल ।
मौसम में बुझे-बुझे पलाश,
बीमार हल्दिया-अमलतास,
लंगड़ा पथ है अन्‍धा गांव -
चुका जहां आंखों का उजास ।
कोडि़या गए रंगीन स्‍वप्‍न,
चन्‍दनी-इच्‍छाएं हुई धूल ।
धर्म, कि राजनीति में बदला,
रहा न मनुज कर्म का उजला,
निगल बेगुनाह मछलियां -
प्रतिष्ठित हुआ पद पर बगुला ।
---------

Wednesday, July 25, 2012

बूंदों की बाँसुरी छेड़ों



घिर आएंगे नभ में बादल,
जो हठीली अलकें खोल दो ! 

प्राण दग्‍ध कण्‍ठ में आ अटके,
और तृषित मृग मरू में भटके,
जलाओ धन बीच फुलझडि़यां,
सहसा ही मतवाली झडि़यां !

आषाढ़ मेघ पुलक से बरसें,
नेह से तन-मन-प्राण परसें,
निखरे रूप और काजल का
जो नशीली पलकें खोल दो !
घिर आएंगे नभ में बादल,
जो हठीली अलकें खोल दो ! 

करो शीष वरद जलधर छांह,
गही शीतल पुरवा की बांह,
दीखे चहुँ ओर सावन हरा,
वरदानों से हो कलश भरा !

प्‍यार नहीं अब तुम यू बांधो,
और रवि-रश्मि-तीर साधो,
बूंदों की बाँसुरी छेड़ तुम,
नव-पुलक से रस-रंग घोल दो !
घिर आएंगे नभ में बादल,
जो हठीली अलकें खोल दो !

सहकर ताप बिलखी-बिसूरी,
मन की इच्‍छाएं-कर्पूरी,
नभ के बादल अपने-से लगे,
प्राणों में प्रणयति-गीत जगे !

गूँजा वन-उपवन पिक-स्‍वर से,
आलिंगन को चपला तरसे,
ओ, वरूणा ! अनुबन्‍ध जलीली
खोल अधर मदिर बोल दो !
घिर आएंगे नभ में बादल,
जो हठीली अलकें खोल दो !
--------

Tuesday, July 24, 2012

मदहोशी की रात है



नयनों से मत बात करो
अधरों से कुछ मधु घोलो
होश की न बात कहो तुम कि मदहोशी की रात है।

नभ के आंगन में सजी,
सितारों की बारात है,
देख धरा का प्‍यार प्राण ! 
गलता चाँद का गात है।
प्रीति-घट रीते मत धरो
अधर के पनघट डुबोलो
पलक की गोद में भीगी, मधु-प्रणय की बरसात है।

मन के सरोवर में खिले,
प्रिये ! प्रणय-जलजात है,
अभिलाषा का शिशु-छोना
मचला, चाह अज्ञात है।
बीच मंझदार मत तरो
बांहों के तट मन घोलो
गीत का चाँद ढ़ल रहा, पास आओ मेरी सौगात है।
-------

Monday, July 23, 2012

शिशिर गीत



प्राण ! रूपवंती यह शिशिर की रात है।

चल रहा शिथिल-मन्‍द-भीना वातास है,
जरा धीरे उठाना ज्‍योति का आंचल,
बुझ न जाए कहीं रूप का दीपक सलोना,
उड़ रहा शिखा पर यह पतंगा पागल।
लो के अधर पर कम्‍पती मीठ बात है।
प्राण ! रूपवंती यह शिशिर की रात है।।

आकाश वीणा की रश्मियों के तार,
रो उठे हों ज्‍योंे संगीत झन्‍कार में,
चम्‍पे सी अंगुलियों का आघात पा,
गीत के हंस आ रहे तुम तक अभिसार में।
ज्‍योत्‍सना की लहर धुली, नीरजा शान्‍त है।
प्राण ! रूपवंती यह शिशिर की रात है।।

रूप का कुम्‍कुम यह नीरजा की राह में,
ओ कंचुकी की ओट से उमंगता यौवन,
प्राण ! क्‍या करने को करता विवश है,
स्‍वपन के जाम पी हो रहे चंचल नयन।
कर गुजरने को है क्‍या, यह अज्ञात है।
प्राण ! रूपवंती यह शिशिर की रात है।।

प्राण ! क्‍या, लो मंच ही पूरा बदल गया,
कौन खूबियों के साथ परदा उठाया,
कम से हटकर करधनी लौट रही,
वेदना क्‍या बताऊं स्‍पर्श ने मेरे रूलाया।
जीत मेरी, तुम्‍हारी हार से मात है।
प्राण ! रूपवंती यह शिशिर की रात है।।
-------

Sunday, July 22, 2012

शरद्-निशा

शरद् निशा में, प्राण ! तुम्‍हारी मधुर याद आती है। 

उतर पड़ी भू पर नभ से, चांदी सी धुली चांदनी, 
झिलमिल-झिलमिल भर मांग सितारों से कितनी मनहर,
सौरभ मन्‍द पवन बह जाता, कह कर बात तुम्‍हारी, 
लाज-गुलाबी सपने हँस-हँस जाते कम्पित पलकों पर, 

दिशि-दिशि से उठती विरह गीत की स्‍वर लहरी,
मेरे कानों पर खोई-खोई सी मंडराती है। 
मृदु-स्‍वप्निल प्रणय-मिलन की सुधि आ जाती है।
शरद् निशा में, प्राण ! तुम्‍हारी मधुर याद आती है।

आया बसंत पर कोकिल कूक नहीं पाई, 
सूने-सूने जीवन पर रोते हैं तारे, 
टलती जाती क्‍यों घड़ि‍यां या मधुर मिलन की, 
तुम मिलो कि मेरा तन-मन प्राण पुकारे। 

रूप संवारे किस यौवन-दर्पण में उर की प्रीति तरुण, 
शशि की किरणों पर परछाई अकुलाती है, 
मन की व्‍याकुलता नयनों में घिर आती है, 
शरद् निशा में, प्राण ! तुम्‍हारी मधुर याद आती है।

Saturday, July 21, 2012

अधर मौन क्‍यों रहते हैं ?




क्‍यों रूक-रूक जाती है मीठी बात गले तक आ-आ कर,
नयन परस्‍पर बोला करते, अधर मौन क्‍यों रहते है ?

उषा-सुकन सी मुस्‍कानें होठों पर नचती आती है,
लाज गुलाबी पंखुडि़यों सी, पलकें झपक क्‍यों जाती है ?
पीड़ा का क्‍यों भार उछलते उर क्‍यों स्‍पन्‍दन सहते है ?
नयन परस्‍पर बोला करते, अधर मौन क्‍यों रहते हैं ?

तुम्‍हीं, सब कहीं व्‍यक्‍त दृगों में, अपना रूप बसाकर,
प्‍यास बढ़ाते जाते जब तब, स्‍वप्‍नों में आ-आ कर,
स्‍वप्निल-उर्मिल प्रणय संदेसे, तट दूरी से कहते हैं,
नयन परस्‍पर बोला करते, अधर मौन क्‍यों रहते हैं ?

मिलता मधुप कली से गा-गा, चूम-चूम रस लेता है,
जलती दीप-शिखा में जल-जल, प्राण पतंगा देता है,
दो बूंद-बूंद बन हम प्रीत लहर पर, दूर-दूर क्‍यों बहते हैं ?
नयन परस्‍पर बोला करते, अधर मौन क्‍यों रहते हैं ?
------

Friday, July 20, 2012

स्‍नेहिल स्‍मृति



दीप जलाए सुधियों के द्वार खड़ी अकेली तुम-सी भोली
यह चम्‍बई सांझ तुम्‍हारे लहराते श्‍यामल कुन्‍तल-सी।।
क्षितिज अंगूरी-पल्‍लव थहिकत दिवस किरणों ने चूम लिए,
सौरभ के पर चंचल तुम्‍हारी श्‍वासों की केसर पिए।
अधर चूम कर मेरे उर तक रेख खींच दी चंचल-सी।
यह चम्‍बई सांझ तुम्‍हारे लहराते श्‍यामल कुन्‍तल-सी।।
रेशमी चुनरी ओढ़े रस-सिन्‍धु स्‍नात यह धवल रात,
उन्‍मत्‍त रजनी की गोद में पुलक से आपूरित पात-पात।

यह नव-नील कोमल छांह तुम्‍हारेमुख के सुषमा-जल सी।
यह चम्‍बई सांझ तुम्‍हारे लहराते श्‍यामल कुन्‍तल-सी।।
आमन्‍त्रण देता ठहर चन्‍दा को लहरों का मौन संगीत,
हर रोम-रोम में प्‍यार पुलक, अधरों पर स्‍पन्दित मधुर गीत।
दृष्टि-दूतिका उड़ी स्‍मृतियों के पार तुम्‍हारे अंचल सी।
यह चम्‍बई सांझ तुम्‍हारे लहराते श्‍यामल कुन्‍तल-सी।।

मिलन-द्वार प्राणों का सौरभ ले श्‍वासों का कपूर जल रहा,
तुम्‍हारी अर्चना में निरन्‍तर गीत का चांद गल रहा।
मौम-तन में पल रही रह-रह, फिर पिपासा ज्‍योति जल-सी।
यह चम्‍बई सांझ तुम्‍हारे लहराते श्‍यामल कुन्‍तल-सी।।
------