सर्वाधिकार सुरक्षित

MyFreeCopyright.com Registered & Protected

Click here for Myspace Layouts

Friday, August 17, 2012

होली आई है

बजते करताल, ढोल, डफ, उमंग छाई है,
लहक उठा है यौवन कि होली आई है।


रंग सौं भरी बाहें कोमल गोरी गोरी,
रंग ले उमंग, अंग-अंग ठाढ़ी किशोरी।


बढ़ावती उमपान खुली कंचुकी की डोरी,
रस रीति से प्रीति से प्रीतम को मले रोरीं।


मन्‍द-मन्‍द संदेश पिया का बयार लाई है,
ऋतु को ऋतुराज प्रीति कुकुम बरसाई है।


गली-गली खेल रहे रस-फाग रंग डाल-डाल,
भीगी रस-प्रीति से चहुँ ओर खुशियां निहाल।


पश्यिम से प्रियतम प्रियसी को मले गुलाल,
मुरि देखत रंग सौ रांचि मुख प्रिय को बेहाल।


दौड़े ले गुलाल नर-नारी की भीड़ आई है,

प्रिय होली-होली-होली, होली आई है।

------

Thursday, August 16, 2012

बासन्‍ती पवन

धर गया बासन्‍ती पवन,
कलिका-अधर पर चुम्‍बन।

नवल कुसुमित लतिकाएं,
हो मुद्रित खग-वनिताएं।

उड़ी पंख खेल नभ में,
ज्‍यों मुख स्‍वर-कविताएं।

ठुमक ठुमक रस-क्‍यारियां
ठुमके कि सुरभि के चरण।

खोल घूंघट पांखुरी-
तनिक जो हंसी बावरी,
शोर मय गया चहुंरी ओर,
फूलां के सब गांव री।

बजी नेह बांसरी सी,
पुलक से नाच उठे मन।

सुमन केसर पराग में,
शहतूती अनुराग में,
धुल गए कलुष सभी लो
फागुनी रंग-फाग में।

उड़ता अबीर-गुलाल,
आया रंगीला फागुन।
-------

Wednesday, August 15, 2012

शरद् किरण



रंगराई पहाडि़यों की अन्‍य गुफाओं से
उतर शरद् किरण
धरे गोरे चरण।

उतर रहे हंस
लिपे पुते आंगनों में,
बंध रहे अक्षर
अर्थ के सम्‍मोहनों में,

तन-मन-प्राण मुदित पावन ऋचाओं से
करता ज्‍यों मंत्रोच्‍चारण
मुखर रेत करण-कण।


बांसुरी प्रतीक्षा
रूप-रंग-रस-गन्‍ध धुरली,
खग-वनिताएं
खेल पंख उड़ चली,


पुर गया चौक
आढ़ी-तिरछी रेखओं से,
रंगों का अभिसिंचन
छवियों का आमंन्‍त्रण


रंगराई पहाडियों की अन्‍य गुफाओं से
उतर शरद् किरण

धरे गोरे चरण।

-------

Tuesday, August 14, 2012

सावन बीता जाए

ओ आकाशी बादल
सावन बीता जाए,
चुप बूंदी की पालय !

छिपे कहां विश्‍वासी,
मरू –धरती है प्‍यासी,
खिले क्‍यों न श्‍याम-घटा के
अधर-विम्‍ब पाटल !

हरियाले सोमवार
सूखे तीज-त्‍यौहार,
हाथों राची न मेंहदी,
अँजा न नयन काजल  !

डालों डले न झूले
जीवन रंग सब भूले,
प्‍यारे ढोर-ढंगर
भूले कहां जल-छागल ?

ओ आकाशी बादल
सावन बीता जाए,
चुप बूंदी की पालय !
-------

Monday, August 13, 2012

गांव-गैल बरखा हुलसे




सावन बरसे, भादों बरसे।
तुम बिन सजना, नयना तरसे।।

झिरमिर-झिरमिर
यह चौमासा
मन का पपीहा
फिर भी प्‍यासा।

विराजे क्‍यों परदेशी पिया,
यौवन का यह बिरवा झुलसे।
तुम बिन सजना, नयना तरसे।।

चपल चंचला,
दप-दप दमके,
बूंदें आंगन
छमछम छुमके।

रोम-रोम का बदला मौसम,
भीगी परवा-फहार परसे,
तुम बिन सजना, नयना तरसे।।

हरियाले हैं ये सोमवार,
पिया मिलन के
तीज त्‍यौहार।

कजरी गाती, मेघ मल्‍हार,
गांव-गैल यह बरखा हुलसे।
तुम बिन सजना, नयना तरसे।।
------

Sunday, August 12, 2012

तृप्ति के वास्‍ते


बहुत दिन हुए
ऊब पीते हुए,
चलो इस घड़ी
तृप्ति के वास्‍ते
गीत ही गुनगुनाएं।

अपने ही घर में
जी रहे हो कर प्रवासी,
हंसी के चेहरे
छा रही उदासी।

रिश्‍तों के दर्पण
अदेखे ही
चटक गए,
बहुत दिन हुए
दूरियां मापते,
चलो, इस घड़ी अधर ही जुड़ाएं।

डूबी-डूबी आवाजें
हम
बन रे कूप,
बरगद से फैले भी
बाहों में छिपी नहीं धूप।

प्रस्‍तर प्रतिमा से
मूक ही रहे हम,
बहुत दिन हुए मौन जीते हुए
चलों, इस घड़ी हम व्‍यथा ही सुनाएं।
-----

Saturday, August 11, 2012

पत्‍तों से प्रात झरे


कोलाहल से दूर
बैठ हम वैसी बात करें
पूरी रात करें।

बहुत पी चुके
क्‍लोरीनेटिड जल
कडुआ गए शब्‍द
प्रणय गीत के,
गर्भवती पीड़ाओं की भीड़ में
भटग गए हैं पांव प्रीत के।

टीनापोल घुले व्‍यवहारों से,
दूर चलें, जहां जलजात तिरें,
पत्‍तों से प्रात झरे।

न अब गुलाबी नशा
आंखों में -
छिपकली से संदेह पलते हैं,
भिटियारिनों से दीवारों पर
चिपके पोस्‍टर दृष्टि छलते।

प्‍यारे नल छोड़
सरिता-तट चलें
हम-तुम अंजुलित साथ-साथ भरें
फिर निखरें।
-------