सर्वाधिकार सुरक्षित

MyFreeCopyright.com Registered & Protected

Click here for Myspace Layouts

Monday, July 16, 2012

असफल तलाश




एक के बाद एक
अनगिन
अंधेरी सुरंगों में
नहीं देता है दिखाई

खौफ से
कहीं छुपा है सूर्य भी,
अंधेरे की चोट पर चोट
सहते-सहते
सुन्‍न हो गए है मस्तिष्‍क,
चुकता जा रहा है
जुझारू सामर्थ।
यहां हर रीड़ की हड्डी
कमान हुई जा रही है
या लिजलिजे केंचुए की तरह
सुरंगों के उस पार
रोशनी की
असफल तलाश में
रैंग रहे हैं
हम।

-----

Sunday, July 15, 2012

कड़वी यादें



फिर से सीमान्‍त पर
बे मौसम
रेत गरमाने लगी है
फिर से आदमी के
कच्‍चे गोश्‍त की तलाश में
उड़ने लगी है
आकाश में चीलें।
सुना है,
कुछ उन्‍मादी लोग
मुट्ठियों में बारूद भर
केसरिया हवाओं में उछाल रहे है।
फिर से,
फूलों के गांव में
केसर-क्‍यारियों में
बिखरे मकरन्‍द को खाने
दौड़ी आ रही है
चीटियां।
दोस्‍त
अक्‍सर ऐसा होता है
किस अनचाहा युद्ध-बोध
मेरी चेतना को सौंप जाता है
पिछली नीम सी कड़वी यादें।
-------

Saturday, July 14, 2012

दृष्टि-भ्रम




हम देखते हैं
आस-पास
या
दूर-पास
रंग-बिरंगा
पीला, नीला, हरा,
उन्‍नावी, करझल,
ककरेजी-फिरोजी
या कोई और,
यह तो
सूर्य की किरणों का

तमाशा भर है

हमारी द़ष्टि का भ्रम है

सत्‍य से परे हैं

सत्‍य तो-

सूर्य है।

------

Friday, July 13, 2012

पानी से जुड़ें



तुमने
देखा होगा
तूफानी हवा के साथ
उतुंग लहरों का
तटों से टकराना,
सागर को खंगालना,
जैसे
टुकड़े-टुकड़े कर देंगी
सागर को,
पर क्‍या
पानी से जुड़े
गहरे
अन्‍तरंग-मन
सागर को
बांट पाई है
ये लहरें ?
------