सर्वाधिकार सुरक्षित

MyFreeCopyright.com Registered & Protected

Click here for Myspace Layouts

Thursday, May 10, 2012

छैला सा

कभी
छैला सा
बन-संवर
गंधायित
तो कभी
उखडा-उखडा
धूलि-धूसरित  सा
उपवन की
गलियों में
भटकता रहता है,
छेडता है
कलियों को, लताओं के
हरित-किशलय
कपोलो की
भरता है
चिकौटियाँ
और
खडक-खडक कर
पत्तियां
कितना
आवारा है
पवन।

Wednesday, May 9, 2012

प्रतीक्षारत मेरी आंखें

प्रतीक्षारत
मेरी आंखें
निहारती रहीं
तुम्‍हारे होंठो की ड़योढी के भीतर
कुलबुलाती मुस्‍कान को
जिसे पाकर
मेरा
आवारा प्रश्‍न
एक सही उत्‍तर लिख देता,
मगर-
तुमने
ओढ लिया मुंह तक अंधेरा
दफना कर उजेरा
तो फिर
मेरे लिए
मात्र
मूंग-से बिखरे
संदर्भों को चुनने का
विकल्‍प ।

बरसाती नदी

गांव के समीप
एक बरसाती नदी है
जो- वर्षा बीत जाने के बाद
सर्दी के विदा होते-होते
गर्मी के आते-आते
ऊँघने लगती है
दिन के उजाले में
बंद आंखों में
सपने-सी
भीतर ही भीतर
अंधेरों में
बहती है
इसे क्‍या संज्ञा दूँ ?

Tuesday, May 8, 2012

याद आ रहा है....

होंठ चूमने
चंदा के
दिवस ने दिन भर चुगे अंगार
ओ’
दिन के मजार पर
उदास स्‍मृतियों ने
दीप जलाए
अकेला हूँ मैं कैसे रहूँ बोलो।
उमसन भरी यह काली निशा
और
वह चांद की सुघराई गौलाई-सा मुखडा
जिस पर
सहज लाज का गुलाबी अंचल
याद आ रहा है, रह-रह कर
याद आ रहा है।
सूने घर में
एक अकेला
दीप मधुर-मधु जल रहा है
ओ’
शलभ तिल-तिल जल रहा है
मानो
हंस-हंस कहता
’’छलना यह स्‍वप्‍न-छलना है’’
याद आ रहा है, रह-रह कर
याद आ रहा है
वल्‍लरी सुलभ आलिंगन
प्राणों में
दूर्वा सा कंपन
वह
सुरभित कलिका-सा मुस्‍काता
यौवन उभार
हिरणी-सी
मदिरिल चंचल-चितवन
जिसमें
पतील रेखा काजल की
ओ’
गदरायी जांघें
दो गोरी गोरी
कदल-सी।
याद आ रहा, रह रह कर
याद आ रहा है
सोया था में,
तेरी जंघा पर
तुमने
सोम पिला कर
थपकी दी थी,
बस, यही याद है
मेरे अधरों पर
वह
प्रथम चुम्‍बन
जिसकी
अभी तक शेष है
नर्म और मधुर आंच,
सोया था पास तुम्‍हारे
प्रणों में रूप तुम्‍हारा आज
किन्‍तु
सोते-सोते कुछ गुनगुनाया था-
’प्रिये। कितनी सुन्‍दर हो।‘
फिर तुमने-
’’आंखें मूंदो, सो जाओ।‘’
झिडकी दी थी
याद है
कानों में अभी
तुम्‍हारी वाणी की
कच्‍ची शहद घुनल बाकी है
अभी
अंगुलियां बालों के रेशम में।
याद आ रहा है, रह रह कर
याद आ रहा है
वह स्‍पर्श तुम्‍हारी अंगुलियों का
चांद की किरणों से अधिक शीतल
ओ’
फूल की पंखुरी से अधिक नर्म
चूम रहे
जिनको
अभी मेरे कपोल।
याद आ रहा है, रह –रह कर
याद आ रहा है
तुम्‍हें
पास खींच लिया था
दो होठों ने
दाडिम से सुर्ख
दो होठों पर
फिर
मेंहदी रची
दो हथेलियों पर
धर दिया था
मधुर अंगार
जिसमें
मेघों में चमकती
बिजली सा
कुछ था.....
फिर
कब निंदिया में
पलकें डूबीं
याद नहीं
किन्‍तु
जब आंख खुली
तब
गौशाला में बडछा रंभा रहा था
दूर कहीं
मुंडेर पर
मुर्गा बोला था
और
तन्द्रिल वाणी में तुमने कहा था
‘भोर होने को है
बुजुर्गों से पहले उठा जाना है।‘
नई नवेली बहू का
कच्‍चा सपना
भावों के कुछ सुमन
आंचल में ले
तुमने
माँ ने चरणें में अर्पित किए थे
और माँ के ‘दूधो नहाओ-पूतो फलो’
आशीर्वाद दिया था
और तुम्‍हारे मुख पर मैने देखा था
कि
कुछ कलियां फूल बन चुकी थी
याद आ रहा है, रह-रह कर
याद आ रहा है
बस यही याद आ रहा है।
------

Monday, May 7, 2012

पुन: मिलेंगे

1

रंगीली पुस्‍तकों के भार से कुछ डगमगाती,
बदली के झीने आंचल से छिपे चांद सी,
मेघों के आंसू से सज्जित दूर्वा सी,
धरती पर नई चांदनी सी,
स्‍वर भरती थी पथ पर चलते मान के उर तारों पर।

अंजाना पंथी तब एकाएक हृदय का गीत बन गया,
नयन जिसे स्‍वप्‍नों में खोजा करते थे,
वह पल भर पुतली में बस
मन का मीत बन गया।

आंखें में थे प्रश्‍न कि
अब तक कहां रहे तुम,
प्‍यार भरी प्रिय के लोचन
छलका कर पलकों की प्‍याली को,
बोले ''हम तो पास तुम्‍हारे ही थे
जैसे चांद सितारों से है नभ में पास।''

योंहीं यलती रही एक दो क्षण,
आंखों से अधरों से दो दिल की बातें,

किन्‍तु धडक कर बैठ गए दिल
और मधुरतम मौन युगल उर की सब बातें,
भौंपू के स्‍वर में डूबी,
तैरी लारी के रूकने में,
फिर चलने में बह-बह गई।

बस क्‍या आई,
एक बडी बेबसी आ गई,
बस क्‍या गई,
कि जैसे जीवन की बगिया से जाता मधुर बसंत।

आश्‍वासन दे गया,
मगर बस का पिछवाडा,
पुन: मिलेंगे.........।

00000

समर्पण

वात्‍सल्‍यमयी विनम्रता की मूर्ति उस जननी के नाम कोष से जन्‍म ले खेला धूलि में जिसके सुबह-शाम उन सन्‍दर्भों को जिनकी स्‍मृतियां खिल कर सुमन हुईं शब्‍दों की ये कुषुमांजलियां समर्पित समता को शत़-शत़ प्रणाम। 

-कवि

निवेदन

शीर्षकहीन ''अशीर्ष कविताएं'' से स्‍वत: ही जीवन की विद्रूपता स्‍पष्‍ट हो जाती है। जिन्‍दगी के कंकरीले-धरातल पर चलते-चलते जो छाले मुझे टीसते चले गए हैं, वे सभी इन रचनाओं में प्रतिबिम्बित हैं। 

ये मेरी मान-संतान न तो किसी वाद से जुडी है और न इनपर किसी वाद की छाप ही है। मुझे अपनों-परायों जिन्‍होंने भी जो भी दिया, वह मेरी चेतना नेअन्‍तस की मथनी में बिलो कर जैसा था वैसा नवनीत सा रख दिया है। 

आप अपनी-अपनी परख की आँच पर तपा कर धूत बनाने के पूर्ण हकदार हैं। 

--रघुनाथसिंह ''यादवेन्‍द्र''