सर्वाधिकार सुरक्षित

MyFreeCopyright.com Registered & Protected

Click here for Myspace Layouts

Thursday, September 20, 2012

पानी की तलाश

हर वर्ष
रेगिस्‍तान की अपार बालुका-राशि पर
उठता है
अकाल का तूफान,
क्‍या पशु क्‍या नर
सभी की बलि लेता है
अकाल
हर वर्ष रोग-व्‍याधि से ग्रसित
पानी को तरसती
ढाणी-दर-ढाणी को ढंक लेती है
प्रेत की छाया
मनुष्‍य चीखता है
पानी-पानी-पानी
और
शातिर लोग
संन्‍यासी बने
शोध में बैठे
योग-साधना में लीन हो
कूट चक्री इन्‍द्रजाल माया रचते हैं
हर वर्ष
पानी की खोज में।
----

Wednesday, September 19, 2012

संकल्‍पहीन लोग



बस्तियों में
घुस आए हैं
खिसियानी बिल्लियों के झुंड-दर-झुंड
नोच नोच कर
चेहरों पर बना दिए हैं निशान।
चेहरे
अपनी पहचान खो चुके हैं,
भद्दे बदसूरत/सब से नजर आते हैं।
अब
इनसे न नफरत ही है और न ही अफसोस ही
ये पाली हुई तो हमारी ही है,
फिर खम्‍भा नहीं नोचेगी तो क्‍या करेंगी?
खम्‍भे से क्‍या कम हैं हम
जिनका कोई स्‍वात्‍म नहीं
हर कोई
खूंटी ठोक टांग देता है अपनी कमीज
पसीने से बहुआती
हाल से मजबूर हैं या नियति हो गई
कि क्षण्‍-क्षण अस्मिता लुटते देखना
या फिर
लगता है कि अभ्‍यस्‍त हो गए हैं।
ऐसे हादसों के
क्‍योंकि
संकल्‍पहीन डरे-डरे सहमें-सहमें
दूर से ही ह्श्‍श्‍श्‍ ह्श्‍श्‍श्‍ कर
भगाने की
निष्‍फल चेष्‍टा कर रहे हैं हम
और
हावी होती जा रही हैं
बिल्लियां‍।
------

Tuesday, September 18, 2012

साजिस



ये
जो चीख-चीख कर
धरती से आकाश तक
उछाल रहे हैं
थोथे शब्‍द
यह इनके भीतर की घिन्‍न है
और कुछ नहीं
एक पेट की दूसरे पेट से,
एक आंख की दूसरी आंख से,
साजिश भर है
सूजती आंखों की
मन की आंखों को
अंधा करने की;
अरअसल
ये महंत
एक को अनेक में बांट कर
तुझे-मुझे
बरगला कर
देश के नक्‍शे को
काट कर आरियों से
छीन लेना चाहते हैं
हमारा आजादी का
आकाश।
------

Monday, September 17, 2012

हथेलियों पर आकाश



मेरे बुढि़याते
पांवों के नीचे से
छूटती जा रही है सतह।
अब संभव नहीं
स्थिर पांव खड़े होकर
आकाश को थाम लेना,
नस-नस को चीरता
नाखूनों तक
उतर गया है
एक अबोली
पीड़ा का नीला जहर
मेरी लुजलुजी देह के
मोह में
व्‍यर्थ है
भीगी आंखों से
उलीच कर
प्रश्‍न-चिन्‍ह खड़े करना,
क्‍यों खड़े करते हो तुम
प्रश्‍न चिन्‍ह.......?
कोई उत्‍तर नहीं
इस डूबते सूरज के पास
उठो, मेरे बच्‍चों !
मकड़ी के जाले से बाहर आओ,
तुम्‍हीं को अब अपने हाथ की रेखाएं गहरानी है
पसीने की दुर्गन्‍ध को भभकाना है
और फिर हथेलियों पर
आकाश उठाना है ।
-----

Sunday, September 16, 2012

राजस्‍वला-सन्धियां


बन्‍धु रे,
कोई वजूद नहीं
आदमी और आदमी के खून का,
यहां हर सुबह
अपने ही रक्‍त से सना
''पेड''
फैंक दिया जाता है
बेझिझक सरेआम अछूत की तरह
सड़क पर
रजस्‍वला स्‍त्री के हाथों।
ऐसे ही किसी शातिर द्वारा
भीड़ भरी सड़क पर
घोंपा जा कर छुरा/कर दिया जाता है
आदमी का खून-
हमारे भीतर कोई सिरहन पैदा नहीं करता,
हम अनजान डर से
अन्‍धे, गूंगे-बहरे हो
दुबक जाते हैं/दड़बों के द्वारा-खिड़कियां बन्‍द कर
और अन्‍धा शासन/पुलिस
समाचार पत्रों में विज्ञप्तियां जारी कर
या फिर सड़क चलते
किसी विकलांग आदमी को पकड़
झूठे को सच्‍चा बना
सन्धि करता है
रजस्‍वला सन्धियों से।
-----