सर्वाधिकार सुरक्षित

MyFreeCopyright.com Registered & Protected

Click here for Myspace Layouts

Wednesday, July 18, 2012

मेरे अमिट विश्‍वास हो


कंटकित हो मुस्‍कुराती नवल सुमनार्चित प्रशाखा,
हृदय उपवन में प्रफुल्लित वेदना के हास हो।

प्रगति प्रांगण में तुम्‍हीं,
मेरे अमिट विश्‍वास हो ।

मधुर अधरों पर सुशोभित मौन मन की मूक भाषा,
विरल भावों के श्रृंगारित दिवित आकाश हो।
चन्‍द्रबाला-सी उमर नीलाम्‍बरा मुकुलित कलेवर,
उर गगन में छिटक बरसाते सुधार विद्यु-हास हो।

प्रगति प्रांगण में तुम्‍हीं,
मेरे अमिट विश्‍वास हो।

मुक्‍त नभ की एक खगमाला, दिवंगत नीड़ हो तुम,
मंदिर छाया में प्रणय के गीतिमय नि:श्‍वास हो।
तुम नवोदित सुमन, मैं गुनगुन-गुनन्‍ की मधुर पुकार,
विश्‍व-वीणा पर निनादित स्‍वरित स्‍वप्‍नाकाश हो।

प्रगति प्रांगण में तुम्‍हीं,
मेरे अमिट विश्‍वास हो।
-------

Tuesday, July 17, 2012

बर्फ की जमी नदी



बन्‍धु रे !
हमारे लोकतंत्र में
उपलब्धियों के नाम पर
फूल नहीं खिलते
केवल कुछ एक
घटनाएं उगती है।
भय में जीते हैं लोग
चुटकी भर खुशी के लिए 
भेदने होते हैं
कितने ही व्‍यूह।

हमारे रहनुमा
कर रहे हैं कुकुरमुत्‍तों की खेती
वर्णशंकर बिरादरी प्रसूत रही है
जात से कुजात,

गांवों की फसलों का
अर्थशास्‍त्र
उलटा पढ़ा जा रहा है शहरों में
और सचमुच
’होरी’ आज भी
तरसता है
मुट्ठी भर भात को।

बन्‍धु  !
कुछ सोच तो सही
क्रांति की बात
क्‍या तेरे-मेरे भीतर
ठंडी बर्फ की जमी नदी है।
------

Monday, July 16, 2012

असफल तलाश




एक के बाद एक
अनगिन
अंधेरी सुरंगों में
नहीं देता है दिखाई

खौफ से
कहीं छुपा है सूर्य भी,
अंधेरे की चोट पर चोट
सहते-सहते
सुन्‍न हो गए है मस्तिष्‍क,
चुकता जा रहा है
जुझारू सामर्थ।
यहां हर रीड़ की हड्डी
कमान हुई जा रही है
या लिजलिजे केंचुए की तरह
सुरंगों के उस पार
रोशनी की
असफल तलाश में
रैंग रहे हैं
हम।

-----

Sunday, July 15, 2012

कड़वी यादें



फिर से सीमान्‍त पर
बे मौसम
रेत गरमाने लगी है
फिर से आदमी के
कच्‍चे गोश्‍त की तलाश में
उड़ने लगी है
आकाश में चीलें।
सुना है,
कुछ उन्‍मादी लोग
मुट्ठियों में बारूद भर
केसरिया हवाओं में उछाल रहे है।
फिर से,
फूलों के गांव में
केसर-क्‍यारियों में
बिखरे मकरन्‍द को खाने
दौड़ी आ रही है
चीटियां।
दोस्‍त
अक्‍सर ऐसा होता है
किस अनचाहा युद्ध-बोध
मेरी चेतना को सौंप जाता है
पिछली नीम सी कड़वी यादें।
-------