सर्वाधिकार सुरक्षित

MyFreeCopyright.com Registered & Protected

Click here for Myspace Layouts

Wednesday, December 12, 2012

गूंगा गांव कैसे कहे



सिर्फ लटकी है तस्‍वीर
गांधी की एक कील से
बैठा हुआ झोंपड़े मेंे
बुन रहा था सपने
खाकी वर्दी में भेडि़या
उठा ले गया मेमने
गूंगा गांव कैसे कहे
व्‍यथा-कथा तफसील से।
पाले अकाल का मारा
लुटा-पिटा किसान
खटता रहा मजूरी को
जानी न तनिक मुस्‍कान
खेल बिके मांगते न्‍याय
मुन्सिफ और वकील से
गूंगा गांव कैसे कहे
व्‍यथा-कथा तफसील से।
सियारों भेडि़यों का वह
गरीब बन गया चारा
रपट लिखाने थाने में
संझा सा गया बेचरा
रतजगा कर लौटा सुबह
थाने और तहसील से
गूंगा गांव कैसे कहे
व्‍यथा-कथा तफसील से।
दीन-ईमान है केवल
अब तो नानी के किस्‍से
दाना-पानी सब रहा
गिद्दों-चीलों के हिस्‍से
घोंसले में रखा है मांस
दम किसमें कि मांगे चील से
गूंगा गांव कैसे कहे
व्‍यथा-कथा तफसील से।
सिर्फ लटकी है तस्‍वीर
गांधी की एक कील से।।

-----

Tuesday, December 4, 2012

कैसे हो गोनो



देखि देखि के
बौराए आमन को
फूली पीनी सरसों को
हरियल पौटाए गेहूंन की
मुस्‍काती बालिन को
फगुनायी पौन-सी
मटर के फूलन-सी
दूधिया देह लिए
अल्‍हड़-यौवना
गदरायी उमरिया के उभारन को
कंदुक-सी उठालती/बौरात/इतरात फिरे
खेतन की मेड़न पे
धूल्‍या की बेटी
गिन-गिन महीने/बरस
हारि गई/सोलह बरस
’रह्यो अब तक
जीवन हिकतनो अलौनो
शायद/बापू/या बरस
गणगोरया पे कर दे
गौनो ?’
मगर
आठ लड़के/लड़किन की जननी/महरिया के मर्ज से
रिश्‍ते-नाते/ब्‍याह-सगाई/जनम-मरन
महाजन क कर्ज से
आमद से ज्‍यादा खर्च से
तो कभी अकाल से/बेमौसम बरसे सावन/औलों की मार से
बिखरता धूल्‍या
उमगाई बिटिया की
आंखिन में पढि के मूक भाषा
आठों पहर रहिन
खोया-खोया/विदेह-सा/बतियाता खुद से
’फटी चदरिया/छोटी
पांव न पड़े पूरे
गरीब की किस्‍मत
खोटो सोनो
बिटिया !
या बरस
कैसे हो गोनो ?’
-----

Tuesday, November 27, 2012

बोल सुआ बोल



शहतूती होठों से/रसियाते बोल
कहां तलाशूं
बोल सुआ बो।

श्‍ब्‍दों का व्‍यापार यहां
महाजनी संस्‍कृति है
पुरखों की भाषा यहां
गूंगी बहरी श्रुति है।

कड़ुवाए नैन-बैन/सम्‍मोहन
गुम हो गए
अलगोजे के बोल।
फूल, ति‍तलियां, भौंरे,
गंध शिरीष रिझियाती
दूर तक कहीं नहीं
धानी चुनरिया लहराती।

बरगत कहे पीपल से
गांव की पीड़ा
बजते नहीं अब बधावे के ढोल।
शीश धरी भारी
कर्ज की गठरिया
पूर पड़ती नहीं
पांव बड़े, छोटी चदरिया।

श्रम बंधक है
उड़े तो कैसे
मुक्‍त गगन में पंख खोल
बन्‍द मन के पेट खोल
स्‍वर में मिश्री घोले
सबको राम-राम बोल
बोल सुआ बोल।

-----

Monday, November 26, 2012

व्‍यवहारों को क्‍या हो गया


मुरझा गए सदाबहार, चिनारों को क्‍या हो गया?
खिंजा में बदल गई, यारों! बहारों को क्‍या हो गया?
शकुनी शतरंजी बिसात, सियाती उलटबासियां-
प्रदूषित इन सत्‍ता के गलियारों को क्‍या हो गया?
नाज़ था हमको जिस यारी पे क्‍यूं निगाहें फेरली,
गरदिशे लम्‍हों में मेरे यारों को क्‍या हो गया?
मुँह में राम बगल में छुरी कि चेहरे पे चेहरे,
वो खुशबू, वो प्‍यार कहां, व्‍यवहारों को क्‍या हो गया?
-----

कोई बात तो हो

ऐसे में कैसे करें बात, कोई बात तो हो।
बीते तो कैसे बीते रात, कोई बात तो हो।।
उमस भरी गुमसुम-सी ठहरी कहीं हवा है,
लरजे तो सही कि पीपल-पात, कोई बात तो हो।
दूरियां भी नाप लेंगे हम डगमगाते पांव से,
अधर हो धरी यदि सौगात, कोई बात तो हो।
आंसुओं से करलें हम सुलह भी यदि हाथ में हो-
किसी के मेहन्‍दी वाले हाथ, कोई बात तो हो।
बादल हो या बहकाहुआ शराबी-सा मौसम हो,
रिमझिम सरगम हो कि बरसात, कोई बात तो हो।
----
किसी कारण वश इससे आगे पोस्‍ट डिलीट होने के कारण पुन: अपलोड कर रहा हूं। आशा करता हूं कि पूर्व की भांति यथा सहयोग प्रदान करेंगे।

Monday, November 19, 2012

सांपों के शहर में


चमगादड़ों के योग, फिर सांपों के शहर में।
फैले हैं ज़हर-रोग, फिर सांपों के शहर में।।
धूप के टुकड़े बिखेरे, आग मुट्ठी में भरे,
लौटे हैं कौन लोग, फिर सांपों के शहर में।
सीढि़यां टूटी हुई औ' रस्सियों में बल,
कैसे करें उपयोग, फिर सांपों के शहर में।
ओढ़े हुए हैं कांच वो पत्‍थरों के घर में,
कैसे विचित्र सहयोग, फिर सांपों के शहर में।
बीन भी है, सपेरे भी, मंत्र मगर झूंठे हैं,
कैसे हो संजोग, फिर सांपों के शहर में।
----